नई दिल्ली. पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को फरवरी महीने के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के शैडली वैन शल्कविक को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को यह अवॉर्ड मिला, जिन्होंने पाकिस्तान की फातिमा सना और श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा को पछाड़ा।
फरहान ने ICC Men’s T20 World Cup 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 383 रन बनाए, जिसमें 2 शतक शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने एक ही संस्करण में दो शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया और विराट कोहली के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। वहीं अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी-20 सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरी सीरीज में 7.25 की इकॉनमी से 8 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज का खिताब हासिल किया।
अवॉर्ड मिलने पर फरहान ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का पल है और वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर प्रदर्शन को मान्यता मिलना खास एहसास देता है। वहीं अरुंधति ने इसे बड़ा सम्मान बताते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराना आसान नहीं होता और यह उपलब्धि उनके लिए यादगार रहेगी। भारतीय टीम अब आगे होने वाले ICC Women’s T20 World Cup की तैयारी में जुट गई है, जहां टीम इसी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।


