नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ अब तक संघर्ष करते नजर आए हैं। उन्होंने 6 पारियों में 13.66 की औसत और 112.32 के स्ट्राइक रेट से कुल 82 रन बनाए हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 28 रन रहा है। हालांकि, उनके पास मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके फॉर्म में वापसी करने का सुनहरा मौका होगा। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान का मुंबई इंडियंस और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ रिकॉर्ड भी अब तक बेहतरीन रहा है, जिससे इस मुकाबले में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 9 मैचों में 41.57 के औसत और 151 के स्ट्राइक रेट से 241 रन बनाए हैं। इसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ बीते पांच मैचों में ऋतुराज गायकवाड़ ने 7, नाबाद 40, 30, 69 और 53 रन बनाए हैं। ऋतुराज का जसप्रीत बुमराह के खिलाफ रिकॉर्ड भी शानदार है। उन्होंने 17 गेंद पर 29 रन बनाए हैं। एक भी बार आउट नहीं हुए हैं। बुमराह के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 170.58 का है। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए हैं।


