भारत के प्रतिष्ठित आईटीएफ वर्ल्ड टेनिस मास्टर्स टीम चैंपियनशिप 2026 में मध्यप्रदेश की बेटी श्रुति सासन का चयन

0

इंदौर : मध्यप्रदेश की प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी एवं वाइल्डलाइफ तथा एब्स्ट्रैक्ट आर्टिस्ट सुश्री श्रुति सासन का चयन प्रतिष्ठित ITF World Tennis Masters Tour World Team Championships 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 05 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक इटली के रोम शहर में आयोजित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में भारत की 50 प्लस एवं 55 प्लस टीमों के लिए पूरे देश से चुनिंदा खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें श्रुति सासन ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा एवं प्रदर्शन के दम पर स्थान बनाया है। भारतीय टीम में सुश्री विभा चौधरी, सुश्री मंजू खरे, सुश्री बबीता मोहन लांगथासा एवं मध्यप्रदेश की खिलाड़ी सुश्री श्रुति सासन को शामिल किया गया है यह उपलब्धि मध्यप्रदेश एवं इंदौर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

श्रुति सासन इंदौर टेनिस क्लब (आईटीसी) में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। खेल के साथ-साथ वे एक प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ एवं एब्स्ट्रैक्ट आर्टिस्ट भी हैं और अपनी कला के माध्यम से प्रकृति एवं भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करती हैं। टेनिस कोर्ट से लेकर कैनवास तक, श्रुति अपनी मेहनत, समर्पण और रचनात्मकता से निरंतर नई पहचान स्थापित कर रही हैं।

उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मध्यप्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष श्री अनिल महाजन एवं समस्त पदाधिकारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। साथ ही इंदौर टेनिस क्लब परिवार एवं खेल प्रेमियों में भी हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here