शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

0

भोपाल। नई दिल्ली में चल रही 61वीं राष्ट्रीय शाॅटगन शूटिंग चैम्पियनशिप में म.प्र. शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। चैम्पियनशिप में खिलाडियों ने ट्रेप मिक्स्ड इवेंट के जूनियर वर्ग में एक स्वर्ण और सीनियर वर्ग में एक रजत तथा ट्रेप जूनियर मेन्स टीम इवेंट में एक कांस्य पदक अर्जित किया। इससे पूर्व भी अकादमी के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता है। इन्हें मिलाकर खिलाड़ियों ने अब तक दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल 6 पदक अर्जित किए हैं।

दिल्ली में चल रही राष्ट्रीय शाॅटगन शूटिंग चैम्पियनशिप के अंतर्गत ट्रेप मिक्स्ड इवेंट के जूनियर वर्ग में अकादमी के खिलाड़ी आकाश सहारन और मनीषा कीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसी तरह ट्रेप मिक्स्ड इवेंट के सीनियर वर्ग में भी आकाश सहारन और मनीषा कीर ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के ट्रेप जूनियर बालक वर्ग की टीम स्पर्धा में आकाश सहारन, सौरभ गोरिया और आकाश कुशवाहा ने कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रीय शाॅटगन शूटिंग चैम्पियनशिप में अकादमी के 26 बालक एवं बालिका खिलाड़ी अकादमी के तकनीकी सलाहकार एवं मुख्य प्रशिक्षक श्री मनशेर सिंह एवं प्रशिक्षक श्री हेमराज राणा के नेतृत्व में प्रतिभा प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 25 नवम्बर, 2017 को होगा।