नई दिल्ली : फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले स्लोवेनिया के रेफरी स्लावको विंचिच एक बार फिर चर्चा में हैं। फीफा ने 19 जुलाई 2026 को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाले खिताबी मुकाबले के लिए उन्हें रेफरी नियुक्त किया है। हालांकि, विंचिच का नाम छह साल पहले भी सुर्खियों में आया था, जब बोस्निया और हर्जेगोविना में पुलिस की एक छापेमारी के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया था। यह कार्रवाई कथित सेक्स पार्टी और ड्रग्स से जुड़े मामले में की गई थी। हालांकि, पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था और उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
स्पेन और अर्जेंटीना के फाइनल में रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगे स्लावको विंचिच
फीफा ने बुधवार 15 जुलाई को घोषणा की कि स्लावको विंचिच 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में रेफरी होंगे। उनके साथ स्लोवेनिया के ही टोमाज क्लान्चनिक और आंद्राज कोवाचिच सहायक रेफरी की भूमिका निभाएंगे, जबकि जॉर्डन के अधम मखादमेह चौथे अधिकारी होंगे।
2020 की पुलिस कार्रवाई से चर्चा में आए थे स्लावको विंचिच
मई 2020 में बोस्निया और हर्जेगोविना के बिजेल्जिना शहर के एक फार्महाउस पर पुलिस ने कथित तौर पर वेश्यावृत्ति और मादक पदार्थों से जुड़े रैकेट के खिलाफ छापा मारा था। इस दौरान नौ महिलाओं और 26 पुरुषों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मौके से चार पैकेट कोकीन, 10 पिस्तौल, तीन बुलेटप्रूफ जैकेट और 10 हजार यूरो से अधिक नकदी भी बरामद की थी। स्लावको विंचिच भी उस समय मौके पर मौजूद थे और उन्हें अन्य लोगों के साथ पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। हालांकि जांच में उनके खिलाफ किसी तरह की संलिप्तता नहीं मिली। उनसे गवाह के तौर पर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया।
सफाई में क्या बोले थे स्लावको विंचिच?
रिहा होने के बाद स्लावको विंचिच ने स्लोवेनियाई मीडिया से कहा था कि वह बोस्निया एक कारोबारी बैठक के सिलसिले में गए थे। उनके मुताबिक, उन्हें दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन वहां पहुंचने पर पुलिस ने छापा मार दिया। उन्होंने कहा था कि यह उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती थी। उनका कहना था कि उनका उस समूह या कथित रैकेट से कोई संबंध नहीं था और न ही उनके कारोबारी सहयोगियों का। पूछताछ के बाद जब पुलिस को पता चला कि उनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है, तो उन्हें छोड़ दिया गया।
रेफरी संघ ने भी स्लावको विंचिच का किया था बचाव
स्लोवेनिया फुटबॉल रेफरी संघ के अध्यक्ष व्लादो साजन ने भी उस समय स्लावको विंचिच का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि उपलब्ध आधिकारिक और अनौपचारिक जानकारी के अनुसार विंचिच किसी भी अपराध के संदिग्ध नहीं थे और उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। साजन के मुताबिक, विंचिच दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के कारण उस स्थान पर मौजूद थे।
स्लावको विंचिच को बड़े मुकाबलों का अनुभव
स्लावको विंचिच यूरोप के अनुभवी रेफरी में गिने जाते हैं और उन्हें बड़े मुकाबलों में रेफरी की भूमिका निभाने का अनुभव है। उन्होंने 2024 यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में रियल मैड्रिड और बोरूसिया डॉर्टमुंड के बीच हुए मुकाबले में भी रेफरी की जिम्मेदारी संभाली थी। अर्जेंटीना के मुकाबलों की बात करें तो विंचिच ने 2022 फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना और सऊदी अरब के बीच खेले गए मैच में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी। इस मुकाबले में लियोनेल मेसी की टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
विश्व कप 2026 में अब तक तीन मैचों में रेफरी रहे स्लावको विंचिच
विश्व कप 2026 में स्लावको विंचिच अब तक तीन मुकाबलों में रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं। इनमें मेक्सिको और इक्वाडोर, ब्राजील और मोरक्को तथा अल्जीरिया और जॉर्डन के बीच खेले गए मैच शामिल हैं। अब उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला विश्व कप फाइनल है, जिसमें रेफरी की जिम्मेदारी उन पर होगी और इस मुकाबले पर दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें टिकी रहेंगी।


