एनएसटी न्यूज, भोपाल। अयोध्यानगर स्थित सेंट थामस कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को सेंट थामस कप बास्केटबाल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन अंडर-19 बालिका वर्ग के चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सेंट थामस स्कूल ने सेंट बेनेडिक्ट स्कूल को 30-06 से हराया। दूसरे मुकाबले में सेंट थेरैसा स्कूल ने बाल भारती स्कूल को 06-03 से मात दी। तीसरा मैच एसपीएस साकेत नगर स्कूल और जवाहरलाल स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें एसपीएस साकेत नगर ने 28-05 से जीत दर्ज की। चौथे मैच में सेंट मान्टफोर्ट स्कूल ने शारदा विद्या मंदिर को 28-22 से हराया। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले नौ अक्टूबर को खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल सेंट थामस स्कूल और एसपीएस साकेत नगर के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला सेंट थेरैसा स्कूल और सेंट मान्टफोर्ट स्कूल के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त निदेशक आलोक खरे उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं जीवन में सीख देती हैं, हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, इसलिए हर खिलाड़ी को सकारात्मक सोच के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए। विद्यालय की उप-प्राचार्या सिस्टर शेरोन एस.आई.सी ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत किया।


