लंदन. ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड को आगामी एशेज 2025 से पहले कड़ी चुनौती के लिए तैयार रहने को कहा है। नवंबर में पर्थ से शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद ब्रिस्बेन, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में मुकाबले खेले जाएंगे।
ब्रिटिश मीडिया से बातचीत में स्मिथ ने कहा कि उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड और भारत की टेस्ट सीरीज देखी, जो लंबे समय बाद सबसे रोमांचक रही। उन्होंने माना कि इंग्लैंड इस समय आक्रामक क्रिकेट खेल रहा है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई पिचें बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित होंगी। स्मिथ ने कहा, “पिछले तीन-चार सालों से विकेट बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल रहे हैं। ऐसे में इंग्लैंड के लिए आसान नहीं होगा।”
स्मिथ ने अपनी टीम के अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण पर भरोसा जताते हुए कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले दो सालों से वह शानदार खेल रहे हैं, लेकिन अब तक उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक नहीं बनाया है, जिसे वे इस बार हासिल करना चाहेंगे।


