नई दिल्ली : भारतीय टीम को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है, लेकिन उससे पहले टीम को बड़ा झटका लगा है। मुख्य स्क्वाड के तेज गेंदबाज हर्षित राणा वॉर्मअप मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने दाहिने घुटने को चोटिल हो गए, जिसके बाद उनके टूर्नामेंट से बाहर होने की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल करने का फैसला किया गया है, और इसका आधिकारिक ऐलान जल्द किया जाएगा।
हर्षित राणा की फिटनेस पर आज होगा अंतिम निर्णय
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ मुकाबले से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हर्षित राणा की फिटनेस को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह अभी पूरी तरह से बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन उनके खेलने पर संदेह है। हमें 6 फरवरी की शाम तक पता चल जाएगा, लेकिन उनकी स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। वहीं सूर्या ने उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर को लेकर सवाल के जवाब में कहा कि हम देखेंगे कि पिछले 1-2 सालों में किन तेज गेंदबाज़ों ने अच्छा प्रदर्शन किया है या ऐसे गेंदबाज जो बैटिंग भी कर सकते हैं। लेकिन अगर आप नंबर 9 की पोजीशन पर खेलने वाले खिलाड़ी से बड़े शॉट लगाने की उम्मीद कर रहे हैं, तो ऊपर के आठ खिलाड़ी क्या कर रहे हैं। हम सबसे अच्छे खिलाड़ी को चुनने की कोशिश करेंगे।
सिराज की वापसी: पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भी थे स्क्वाड का हिस्सा
हर्षित राणा के बाहर होने की संभावना के बाद मोहम्मद सिराज की टीम इंडिया की टी20 स्क्वाड में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। सिराज टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में टीम के गेंदबाजी विभाग के अहम सदस्य हैं, लेकिन उन्होंने पिछले डेढ़ साल में कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। उन्होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 2024 में श्रीलंका के दौरे पर खेला था। वहीं, सिराज साल 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा भी थे। अब तक सिराज ने कुल 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 14 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 8 से कम रहा है।


