गहरे नीले रंग की जर्सी में तिरंगा कॉलर पर, बीसीसीआई ने वनडे मैच के दौरान पेश किया नया डिज़ाइन
प्रियेश चौबे, रायपुर। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे के पारी ब्रेक के दौरान बीसीसीआई ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च की। कार्यक्रम में रोहित शर्मा और तिलक वर्मा के साथ बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और एडिडास इंडिया के महाप्रबंधक विजय चौहान मौजूद थे। दोनों खिलाड़ियों को मंच पर नई जर्सी सौंपी गई और इसके बाद इसका औपचारिक अनावरण किया गया। नई जर्सी का रंग पहले की तरह गहरा नीला है, लेकिन इस बार किनारों पर नारंगी रंग और भी उभरकर दिखता है। सबसे खास बात यह है कि तिरंगा अब कॉलर पर दिखाई देता है, जो इसे अलग पहचान देता है। जर्सी पर खड़ी नीली धारियाँ भी हैं, जो इसे एक स्पोर्टी लुक देती हैं।

टी20 विश्व कप 2026: भारत का कार्यक्रम
टी20 विश्व कप का पूरा शेड्यूल पिछले हफ्ते जारी किया गया था। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम क्रमशः दिल्ली, कोलंबो और अहमदाबाद में नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड से भिड़ेगी। अगर भारत सुपर-एट में जगह बनाता है, तो उसके मैच अहमदाबाद, चेन्नई और कोलकाता में होंगे। सेमीफाइनल मुंबई में होगा और फाइनल का आयोजन अहमदाबाद में तय है। हालांकि टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, अगर पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं करता, तो फाइनल कोलंबो में शिफ्ट किया जाएगा। नई जर्सी के लॉन्च के साथ ही टीम इंडिया का विश्व कप अभियान लेकर उत्साह बढ़ गया है। प्रशंसकों का मानना है कि नया डिज़ाइन टीम को नए आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगा।

