भोपाल। महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उनकी खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से अस्मिता राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन 28 एवं 29 नवंबर 2026 को एलएनसीटी, रायसेन रोड़ केम्पस, भोपाल में किया जा रहा है।
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन – मध्य प्रदेश के अध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाह ने बताया कि अस्मिता रग्बी स्टेट टुर्नामेंट का उद्घाटन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 नवंबर को सुबह 10 बजे करेंगे। रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन – मध्य प्रदेश के सचिव अबरार एहमद शेख ने बताया कि यह प्रतियोगिता रग्बी इंडिया के मार्गदर्शन में रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन – मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसमें एलएनसीटी भोपाल आयोजन स्थल एवं सहयोगी संस्थान के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ‘खेलो इंडिया’ पहल के अंतर्गत ‘अस्मिता’ कार्यक्रम का उद्देश्य खेलों में बालिकाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा प्रतियोगिताओं के माध्यम से उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इस पहल के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय खेल महासंघों के माध्यम से विभिन्न आयु वर्गों में महिला खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन किये जाते है।
इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों की बालिका खिलाड़ी अंडर-15 एवं अंडर-18 आयु वर्ग में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। अंडर-15 आयु वर्ग में देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, भोपाल, रतलाम, शाजापुर, बैतूल, मंदसौर एवं इंदौर सहित कुल 11 जिलों की टीमें भाग लेंगी। वहीं अंडर-18 आयु वर्ग में देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, भोपाल, रतलाम, शाजापुर, बैतूल एवं मंदसौर सहित कुल 10 जिलों की टीमें प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी।
इस प्रकार दोनों आयु वर्गों में कुल 21 जिला स्तरीय टीम प्रतियोगिता में शामिल होंगी। प्रतियोगिता के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने तथा भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
एलएनसीटी समूह के स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन ने कहा कि एलएनसीटी समूह खेलों के विकास एवं खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के आयोजन महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ प्रदेश में रग्बी खेल के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


