नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में 2 बदलाव किए गए हैं। हार्दिक पंड्या की जगह सूर्यांश शेडगे को, जबकि नमन धीर की जगह अनुकूल रॉय को टीम में शामिल किया गया है। हार्दिक को पहले वनडे टीम में जगह दी गई थी और फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही उन्हें इंडिया ए टीम से जुड़ना था। हालांकि, नई चोट ने उनकी वापसी की योजना को झटका दे दिया है। इसके चलते अब वह ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज में इंडिया ए का हिस्सा नहीं होंगे। गेंदबाजी करते समय हार्दिक पंड्या को दर्द हो रहा है, जिससे मैदान से उनकी दूरी और बढ़ गई है। यह सिलसिला मई 2026 में आईपीएल के दौरान शुरू हुआ था। जहां तक वनडे फॉर्मेट की बात है को हार्दिक मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद से नहीं खेले हैं।
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ शेडगे ने ठोके थे 72 रन
23 साल के शेडगे ने तीन टी20 मैच खेले हैं और उनके 15 लिस्ट-ए मैचों में से लगभग आधे मैच उन्होंने इंडिया ए के लिए खेले हैं। खास बात यह है कि जून में दांबुला में श्रीलंका-ए के खिलाफ एक रोमांचक सुपर-ओवर मुकाबले में सातवें नंबर पर बैटिंग करते हुए शेडगे ने 66 गेंदों पर 72 रन बनाए थे, जो उनके करियर का बेस्ट स्कोर है।
नमन धीर बाहर, अनुकूल रॉय की टीम में एंट्री
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए नमन धीर को चुनने के बाद इंडिया ए टीम में बाएं हाथ के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को शामिल किया गया। नमन धीर ने वॉशिंगटन सुंदर की जगह ली थी।
ऋतुराज गायकवाड़ होंगे इंडिया ए के कप्तान
वॉशिंगटन एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टी20 टीम का हिस्सा थे। अगर चुने जाते हैं तो राजस्थान के खिलाफ तमिलनाडु के 2026-27 रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में खेल सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की वनडे टीम का हिस्सा रहे ऋतुराज गायकवाड़ इंडिया ए की कप्तानी करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया ए की टीम में भी फेरबदल
देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान बनाया गया है। पडिक्कल ने पिछली रेड-बॉल सीरीज के दौरान इंडिया ए की कप्तानी में डेब्यू किया था। ऑस्ट्रेलिया ए ने भी कुछ बदलाव किए हैं। मंगलवार से शुरू होने वाले तीन मैचों के लिए राइली मेरेडिथ और विल सदरलैंड को वनडे टीम में शामिल किया गया है। ये दोनों जैक एडवर्ड्स और एरन हार्डी की जगह लेंगे।
इंडिया ए टीम
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रजत पाटीदार, प्रभसिमरन सिंह, बी साई सुदर्शन, अनुकूल रॉय, अर्शिन कुलकर्णी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, गुरजापनीत सिंह, विप्रज निगम, यश ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया ए टीम
महली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, बेन ड्वारशुइस, स्पेंसर जॉनसन, सैम कोन्स्टास, नाथन मैकस्वीनी, रिले मेरेडिथ, टॉड मर्फी, मिच ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लाचलान शॉ, विल सदरलैंड।


