UP T20 League: काशी का विजयी अभियान जारी, करन शर्मा ने जड़ा 92 रन, रिंकू टॉप पर

0

नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग के सातवें मुकाबले में काशी रुद्रास ने गोरखपुर लायंस को 15 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। काशी के कप्तान करन शर्मा ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 48 गेंदों पर 92 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और नौ छक्के शामिल रहे। इस जीत के बाद काशी रुद्रास छह टीमों वाली अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स शीर्ष स्थान पर कायम है, जबकि भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स तीसरे स्थान पर मौजूद है।

इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए काशी रुद्रास ने ने 50 रन की ओपनिंग साझेदारी के साथ पारी की अच्छी शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि, निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट झटकते हुए काशी की पारी पर दबाव बना दिया। इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया और 10वें ओवर तक काशी रुद्रास का स्कोर 88 रन पर पांच विकेट हो गया। ऐसे हालात में कप्तान करन शमा ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की।

काशी रुद्रास ने अंतिम चार ओवरों में 76 रन जोड़कर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। कप्तान करन शर्मा ने नाबाद 92 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन तक पहुंचाया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ करन ने लीग की ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है। तीन मुकाबलों में उनके खाते में अब 161 रन दर्ज हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर लायंस की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी। काशी की ओर से वैभव चौधरी, सुनील कुमार और विजय यादव ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

यूपी टी20 लीग के पहले 7 मैचों के बाद अंकतालिका
स्थान टीम मैच जीत हार नेट रन रेट अंक
1 मेरठ मैवेरिक्स 2 2 0 +0.925 4
2 काशी रुद्रास 3 2 1 +0.552 4
3 लखनऊ फाल्कन्स 2 1 1 +0.067 2
4 नोएडा सुपर किंग्स 2 1 1 -0.134 2
5 गोरखपुर लायंस 3 1 2 -0.804 2
6 कानपुर सुपर स्टार्स 2 0 2 -0.557 0

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here