नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स के आतिशी ओपनर और 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में पूरे सीजन एक से बढ़कर एक गेंदबाजों की धुनाई की है। शायद ही कोई ऐसा वर्ल्ड क्लास बॉलर बचा होगा जिस पर उन्होंने चौका, छक्का नहीं लगाया। जोश हेज़लवुड, जसप्रीत बुमराह, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, कगिसो रबाडा, राशिद खान, ट्रेंट बोल्ट, मोहम्मद सिराज, लुंगी एनगिडी समेत ज्यादातर गेंदबाजों की उन्होंने धुनाई की। मगर एक ऐसा गेंदबाज भी है जिसका दो बार उन्होंने सामना किया और एक चौका तक नहीं लगा पाए।
12 गेंद में 2 रन, दो बार आउट हुए वैभव सूर्यवंशी
हम बात कर रहे हैं बाएं हाथ के भारतीय गेंदबाज मोहसिन खान की। वैभव सूर्यवंशी का बल्ला मोहसिन के खिलाफ आईपीएल 2026 में दोनों मौकों पर खामोश रहा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने मोहसिन के खिलाफ 12 गेंद पर सिर्फ 2 रन बनाए और दोनों बार मोहसिन ने उनका शिकार किया। सीजन के 64वें मैच में भी जब वैभव बेहतरीन लय में थे और 38 गेंद पर 93 रन बना चुके थे, उस वक्त भी मोहसिन खान आए और वैभव का विकेट ले गए।
वैभव के खिलाफ आईपीएल 2026 में एकमात्र मेडन ओवर भी मोहसिन खान ने ही फेंका है। राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल 2026 की पहली भिड़ंत में मोहसिन ने पहले पांच गेंदें ओवर की वैभव को डॉट खिलाईं। उसके बाद आखिरी गेंद पर पवेलियन भेज दिया। वैभव सूर्यवंशी पूरे ओवर में एक भी रन नहीं बना पाए। वहीं दूसरी भिड़ंत में भी वैभव ने मोहसिन के खिलाफ परेशानी का सामना किया।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अभी तक 13 पारियों की 245 गेंदों पर 579 रन बनाए हैं। इसमें वह 12 गेंद भी शामिल हैं जिसमें मोहसिन के खिलाफ उन्हें समस्या हुई। मोहसिन खान बाएं हाथ के लंबे, ऊंचे कद के तेज गेंदबाज हैं। उनके पास उछाल के साथ स्विंग और कई वैरिएशन्स हैं, जिससे 15 वर्षीय बल्लेबाज को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वैभव को अपनी इस कमी से सीखना होगा।
मोहसिन खान ने खोला पंजा, बल्लेबाजों को किया परेशान
मोहसिन खान ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में पांच विकेट लिए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए लीग में अपना पहला फाइव विकेट हॉल भी लिया था। इस सीजन उन्होंने अभी तक 6 मैचों में 11 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं उनकी इकॉनमी भी 8 के अंदर ही रही है। उनकी आईपीएल में ओवरऑल इकॉनमी भी सिर्फ 8.2 की है और 30 मैचों में वह 38 विकेट झटक चुके हैं।


