नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने पहलवान विनेश फोगाट को शनिवार (9 मई) को डोपिंग रोधी और अनुशासनात्मक नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही उन पर 26 जून तक किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर रोक भी लगा दी गई है। इसी बीच, नोटिस जारी होने के दो दिन बाद विनेश नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के गढ़ गोंडा पहुंच गई हैं। बृजभूषण पर 2023 में छह महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। वहीं 3 मई को विनेश ने भी बयान दिया था कि वह शिकायत करने वाली पहलवानों में शामिल थीं।
इससे पहले डब्ल्यूएफआई के वर्तमान अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अगर विनेश 14 दिन के अंदर सही जवाब दे देती हैं तो उनकी वापसी हो जाएगी, लेकिन विनेश का उद्देश्य राजनीति में जाना था। वह विधायक बन गई हैं। वह देश विरोधी काम ही करेंगी, क्योंकि कांग्रेस ने शुरू से ही देश विरोधी काम किया है। जुलाई 2025 में बेटे को जन्म देने के बाद वापसी कर रही विनेश का लक्ष्य 30 मई को दिल्ली में होने वाले एशियन गेम्स के ट्रायल्स के लिए क्वालिफाई करना था, लेकिन डब्ल्यूएफआई चयन नीति के अनुसार गोंडा में टूर्नामेंट के विजेता चयन के लिए योग्य नहीं हैं।
विनेश फोगाट सोमवार को पहुंचीं गोंडा, बढ़ी हलचल
विनेश के एक करीबी सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘विनेश महिलाओं के फ्रीस्टाइल कॉम्पिटिशन से एक दिन पहले सोमवार को गोंडा पहुंचीं। उन्होंने टूर्नामेंट के लिए रजिस्टर कर लिया है और उम्मीद कर रही हैं कि डब्ल्यूएफआई उन्हें हिस्सा लेने की इजाजत देगा।’ महिलाओं की फ्रीस्टाइल स्पर्धा के लिए वेरिफिकेशन सोमवार को शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच होगा, जबकि वजन मंगलवार को सुबह 7 बजे से होगा।
विनेश फोगाट को WFI का नोटिस, अनुशासन उल्लंघन का आरोप
विनेश फोगाट को शनिवार को जारी 14 पेज के कारण बताओ नोटिस में भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने कहा है कि वह संन्यास के बाद प्रतियोगिता में वापसी करने वाले पहलवानों के लिए निर्धारित छह महीने के अनिवार्य नोटिस पीरियड को पूरा करने में विफल रही हैं। डब्ल्यूएफआई ने अपने नोटिस में यह भी उल्लेख किया है कि विनेश ने दिसंबर 2024 में यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) को भेजे एक पत्र में बताया था कि वह अगस्त 2025 तक खेल से ब्रेक पर रहेंगी।


