मध्यप्रदेश अमेच्योर कुराश एसोसिएशन के चुनाव संपन्न, विवेक स्वामी अध्यक्ष और राहुल व्यास महासचिव निर्वाचित

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश अमेच्योर कुराश एसोसिएशन की साधारण सभा एवं निर्वाचन बैठक का आयोजन 28 जून को इंदौर स्थित होटल प्रवासा में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया द इंडियन कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कपूर की उपस्थिति और पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें भोपाल के विवेक स्वामी को अध्यक्ष और इंदौर के राहुल व्यास को महासचिव चुना गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में डॉ. अमित पोरवाल, गोपाल पालीवाल, बिट्टू शर्मा, अमित अग्रवाल और धर्मेंद्र रघुवंशी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। कैलाश बाथम को कोषाध्यक्ष, जबकि विक्रम सिंह दांगी, हरीश टेलर, वैशाली तिवारी, महेश पुरोहित और ब्रजेश धुरेंटे संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। सदस्य पद पर अमित रावल का चयन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के सचिव विभोर बबेले, जतिन प्रजापत, फाल्के, राहुल ठाकुर, राखी राजपूत, प्रशांत कुशवाह, कपिल खरे, अजय कुंभकार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

द इंडियन कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कपूर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवेक स्वामी और राहुल व्यास के नेतृत्व पर सदस्यों ने जो विश्वास जताया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों पदाधिकारी भविष्य में भी प्रदेश में कुराश खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने जिलों में कुराश के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की अपील की।

रवि कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़े और वे खेल के प्रति अधिक समर्पित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में कुराश खेल का दायरा और मजबूत होगा तथा अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here