नई दिल्ली : महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ग्रुप-ए में है और अब उसका तीसरा लीग मुकाबला पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ होगा। यह मैच शनिवार, 5 सितंबर को खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 8 बजे होगी। भारत ने टूर्नामेंट में अपने पहले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और अब टीम इंडिया की नजर लगातार तीसरी जीत हासिल कर जीत की हैट्रिक पूरी करने पर होगी।
भारत ने महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले लीग मुकाबले में थाईलैंड को हराया था और इसके बाद हांगकांग को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। अब अगर भारतीय टीम पाकिस्तान को भी हरा देती है, तो उसका सेमीफाइनल में पहुंचना पूरी तरह तय हो जाएगा। लगातार दो जीत के बाद हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी टीम इंडिया जीत की हैट्रिक पूरी करने के इरादे से पूरी ताकत झोंकती नजर आएगी।
भारत की प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के लिए भारत को अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन का साथ मैदान पर उतरना होगा। हालांकि भारतीय टीम लगातार जीत रही है ऐसे में ऐसा लगता नहीं है कि टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई छेड़छाड़ करेगी। भारत के लिए पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के हाथों में होगी। मंधाना गजब की लय में हैं और उन्होंने पिछले मैच में यानी हांगकांग के खिलाफ शतकीय पारी भी खेली थी। मंधाना से पाकिस्तान के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
भारतीय प्लेइंग इलेवन के मध्यक्रम में बल्लेबाजी की जिम्मेदारी प्रतिका रावल, कप्तान हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली और ऋचा घोष के कंधों पर होगी। ऋचा घोष टीम में फिनिशर की भूमिका निभाएंगी, जबकि दीप्ति शर्मा ऑलराउंडर के तौर पर टीम का संतुलन मजबूत करेंगी। गेंदबाजी विभाग में प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को जिम्मेदारी मिल सकती है। अंकतालिका की बात करें तो भारत ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर 4 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर रखा है। वहीं, पाकिस्तान ने अब तक एक मैच खेला है और उसमें जीत दर्ज करके 2 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए भारतीय महिला टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़।


