मुंबई। भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल रणजी ट्रॉफी 2025-26 के तीसरे राउंड में खेलने के लिए तैयार हैं। वह 1 नवंबर से जयपुर में होने वाले एलीट ग्रुप डी मैच में मुंबई की ओर से राजस्थान के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद जायसवाल साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले खुद को फिट रखना चाहते हैं। यह बीसीसीआई के उस निर्देश के अनुरूप है, जिसमें सभी अनुबंधित खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में भाग लेने के लिए कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, जायसवाल ने अपनी उपलब्धता मुंबई चयन समिति के अध्यक्ष संजय पाटिल को बता दी है। अगर वे खेलते हैं, तो यह मई में टीम के प्रति दोबारा प्रतिबद्धता जताने के बाद उनकी मुंबई टीम में वापसी होगी। उन्होंने पिछली बार मुंबई के लिए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ रणजी मैच खेला था।


