WPL 2026: मुंबई इंडियंस में शामिल हुए 20 साल के खिलाड़ी, श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू रहा शानदार

0

नई दिल्ली : विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के बाकी सत्र के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमालिनी के रिप्लेसमेंट के तौर पर बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा को अपनी टीम में शामिल किया है। कमालिनी चोटिल होने के कारण इस बार डब्ल्यूपीएल 2026 से बाहर हो गई हैं, जिससे मुंबई इंडियंस को वैष्णवी के रूप में एक नया विकल्प मिला है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डब्ल्यूपीएल ने रिलीज में कहा कि नवंबर में मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहीं 20 साल की क्रिकेटर को मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है। उन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में इंटरनेशनल डेब्यू किया, जहां उन्होंने पांच विकेट लिए और मेजबान टीम 5-0 से जीत गई।

जी कमलिनी की जगह मुंबई इंडियंस में शामिल हुईं वैष्णवी शर्मा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डब्ल्यूपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “मुंबई इंडियंस (MI) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के शेष मैचों के लिए जी कमलिनी की जगह वैष्णवी शर्मा को अपनी टीम में शामिल किया है। मुंबई इंडियंस की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी ने मौजूदा सीजन में 5 मैच खेले थे, लेकिन चोटिल होने के कारण वह अब पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।”

30 लाख रुपये में मुंबई इंडियंस से जुड़ीं वैष्णवी शर्मा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लीग की ओर से जारी बयान में कहा गया, “वैष्णवी शर्मा 30 लाख रुपये में मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगी। यह बाएं हाथ की स्पिनर 2025 में आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं। वैष्णवी ने भारत के लिए अब तक 5 टी20 मैच खेले हैं और इनमें 5 विकेट हासिल किए हैं।”

सीनियर महिला टी20 टूर्नामेंट में वैष्णवी शर्मा ने लिए सबसे अधिक विकेट

भारत के लिए डेब्यू करने से पहले वैष्णवी शर्मा सीनियर महिला टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं, जहां उन्होंने 11 मैचों में 6.47 के शानदार औसत से 21 विकेट झटके थे। हालांकि, इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला, जबकि उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपये था। मुंबई इंडियंस द्वारा वैष्णवी का चयन भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में चुने जाने के कुछ ही दिनों बाद हुआ, जहां उन्हें टी20 और वनडे दोनों सीरीज के लिए शामिल किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here